आज हम आपको ऐसे Summer Flowering Plants के बारे में बताएँगे, जो गर्मी के मौसम में भी लगाए जाते हैं।
1. बेला (Bela):
बेला को अरेबियन जैस्मिन भी कहा जाता हैं। इसको लगाने के लिए जड़ों की जरूरत नहीं पड़ती। इसे कटिंग से भी लगा सकते हैं। लेकिन कटिंग करते समय कटिंग बहुत ज्यादा मोटी नहीं होनी चाहिए और हरे रंग की हो।
-पॉटिंग तैयार करने के लिए, आप बराबर मात्रा में मिट्टी, रेत और गोबर की खाद ले।
-कटिंग को लगाने के लिए डिस्पोजेबल ग्लास या किसी प्लास्टिक की बोतल को काटकर प्लांटर बना लें।
-इस प्लांटर के तले में छेद कर लें, ताकि पानी आसानी से निकल सके।
-प्लांटर में पॉटिंग मिक्स भरें और बेला के पौधा की कटिंग लगा दें।
-कटिंग लगाने के बाद, इसमें ऊपर से पानी डालें लेकिन ध्यान रखें की कटिंग हिले नहीं।
-अब आप प्लांटर को ऐसी जगह रखें, जहां दिनभर हल्की धूप मिलती रहे। ऐसी जगह न रखें, जहां बहुत तेज धूप आती हो।
-10-12 दिन में कटिंग में ग्रोथ दिखने लग जाएगी।
-पानी देते रहें और लगभग एक महीने बाद, आप इसे 12 से 15 इंच के गमले में लगा सकते हैं।
-3-4 महीनों में बेला का पौधा काफी बड़ा हो जाएगा।
2. बोगनविलिया (bougainvillea):
बोगनविलिया फूल कई रंगों के होते हैं। इसके पौधों को कटिंग से लगाना बहुत ही आसान है। बोगनविलिया लगाते समय तापमान का ध्यान जरूर रखें। कटिंग को लगाने का सबसे अच्छा मौसम मानसून होता है।
-कटिंग लगाने के लिए आप बगीचे की मिट्टी ले सकते हैं।
-इसे 12 से 15 इंच के गमले में भर लीजिए।
-इस गमले में तीन-चार कटिंग लगा दीजिए।
-अब गमले में ऊपर से पानी डालें और ऐसी जगह रखें, जहां इस पर बहुत ज्यादा धूप न लगे।
- दो हफ्तों में कटिंग में विकास दिखने लगेगा। अब गमले को धूप में रख सकते हैं।
- रोज पानी देते रहें और ध्यान देते रहें कि कौन-सी कटिंग विकसित हो रही है।
-अगर कोई कटिंग दो-तीन हफ्तों बाद भी बढ़ नहीं रहा, तो आप उसे निकाल दें।
-ढाई-तीन महीने में बोगनविलिया का पौधा अच्छे से बढ़ने लगेगा।
3. पोर्टुलाका (Portulaca):
इस पौधे को कई जगह मोस रोज और गुल-ए-शमा भी कहते हैं। इसमें अलग-अलग रंग के फूल आते है। इसे भी आप कटिंग करके लगा सकतें हैं।
-पोर्टुलाका की कटिंग लगाने के लिए, आप बगीचे की मिट्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- प्लास्टिक के कप में मिट्टी भर लें और तले में एक छेद कर लें।
-कटिंग को मिट्टी में लगा दें और ऊपर से पानी डालें।
-पौधा ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप न पड़े।
- एक-दो हफ्तों में ही कटिंग बढ़ने लगती है और जड़ें भी बनने लगती हैं। लेकिन इसे किसी दूसरे गमले में तब तक नहीं लगाना है, जब तक ये अच्छे से न बढ़ने लगें।
-एक महीने बाद आप कटिंग को किसी बड़े गमले में लगा सकते हैं।
4. सूरजमुखी (Sunflower):
सूरजमुखी के फूल दिखने में जितने खूबसूरत होते हैं, उतने ही ज्यादा समय तक खिले भी रहते हैं। इसे आप बीजों से लगा सकते हैं। इसके बीज आपको किसी नर्सरी या बीज भंडार की दूकान में मिल जायेंगे। सूरजमुखी के बीजों को सीधा गमलों में भी लगा सकते हैं या फिर पहले इसका पौधा तैयार कर सकते हैं।
-सूरजमुखी के पौधे लगाने के लिए, आप गमला या कोई बड़ा प्लास्टिक का डिब्बा लें और इसके नीचे तले में छेद कर दें।
-पॉटिंग मिक्स को तैयार करने के लिए 50% मिट्टी, 40% खाद और 10% रेत मिला लें।
- पॉटिंग मिक्स भरकर गमले को तैयार करें।
-अब इसमें बीज बो दें और थोड़ा थोड़ा पानी छिड़कते रहे।
सूरजमुखी के बीज 7-10 दिन में अंकुरित होने लगते हैं, लेकिन कभी-कभी इन्हें दो हफ्ते भी लग जाते है।
-जब पौधे बढ़ने लगें, तो गमले को ऐसी जगह रखें, जहां धूप अच्छी आती हो।
- नियमित रूप से पानी देते रहें। लेकिन पानी सिर्फ तभी देना चाहिए, जब मिट्टी सूखी हो। गमले में पानी भरा नहीं रहना चाहिए
-सूरजमुखी के पौधे तीन महीनों में तैयार हो जाते हैं।
5. कॉसमॉस ऑरेंज (Cosmos Orange):
कॉसमॉस ऑरेंज के पौधे को बीज से लगा सकते हैं। इसके बीज ऑनलाइन मंगवा सकते हैं या किसी बीज स्टोर से खरीद सकते हैं।
-आप एक मध्यम आकार का गमला लें।
-पॉटिंग मिक्स तैयार करने के लिए, 70% कोकोपीट, 20% मिट्टी और 10% रेत लें।
-अब गमले में पॉटिंग मिक्स को भर लीजिए और बीज को लगा दें।
-ऊपर से पानी का थोड़ा थोड़ा छिड़काव करें। केवल पानी से छिड़काव ही करें, क्योंकि इसके बीज बहुत हल्के होते हैं।
-आप गमले के ऊपर कोई पॉलिथीन शीट लगा सकते हैं। जिससे बीज अंकुरित हो जाते हैं।
-गमले को ऐसी जगह रखें, जहां धूप सीधी न पड़ती हो।
-एक हफ्ते में इसके बीज अंकुरित होने लगते हैं।
-जब बीज अंकुरित हो जाएं, तो पॉलिथीन हटा दें और गमले को धूप में रख दें।
- 20-25 दिन में ये पौधे इतने बड़े हो जायेंगे कि इन्हें दूसरे गमलों में भी लगा सकते हैं।
-पौधों को दूसरे गमले में लगाने के लिए, पॉटिंग मिक्स में मिट्टी, रेत और वर्मीकम्पोस्ट मिलाये।
-इस पॉटिंग मिक्स को आप दूसरे गमलों में भर लें और पौधों को दूसरे गमले में लगा दें।
-तीन महीनों में पौधे अच्छे से तैयार हो जाते हैं।
फूल के पौधों को महीने में एक दो बार खाद और नियमित रूप से पानी की जरूरत होती है। खाद के लिए आप केले और प्याज के छिलकों को दो-तीन हफ्तों तक पानी में भिगोकर रख सकते हैं। फिर इस घोल को पौधों में डाल सकते हैं। पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए, आप नीम के तेल को पानी में मिलाकर छिड़काव कर सकते हैं या पानी में बेकिंग पाउडर मिलाकर छिड़काव करें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें